सावधान: उत्तराखंड में कोरोना के पांच नए मामले, एम्स ऋषिकेश के दो डॉक्टर भी संक्रमित

  • प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या हुई 6, चिकित्सा इकाइयों को अलर्ट पर रखा गया

देहरादून, मई 2025:
उत्तराखंड में कोरोना वायरस एक बार फिर रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है। बुधवार को प्रदेश में कोरोना संक्रमण के पांच नए मामले सामने आए हैं, जिनमें ऋषिकेश एम्स के दो डॉक्टर और एक स्टाफ नर्स भी शामिल हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 10 हो गई है, जिनमें से 6 मरीज वर्तमान में एक्टिव हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बुधवार को कुल 19 मरीजों की आरटी-पीसीआर जांच की गई थी, जिनमें पांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन पांच मरीजों में से दो प्रदेश के स्थानीय निवासी हैं, जबकि तीन अन्य संक्रमित हैदराबाद, बेंगलुरु और बिजनौर से यात्रा कर लौटे हैं।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने जानकारी दी कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश की सभी चिकित्सा इकाइयों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। साथ ही, कोरोना से निपटने की तैयारियों को और तेज़ कर दिया गया है।

वर्तमान में एक मरीज को श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि अन्य पांच मरीज होम आइसोलेशन में हैं। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से सावधानी बरतने और आवश्यक एहतियात अपनाने की अपील की है।

महत्वपूर्ण निर्देश व एहतियात:

  • भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का उपयोग करें।
  • हाथों को नियमित रूप से सैनिटाइज़ करें।
  • लक्षण दिखने पर तुरंत कोविड जांच करवाएं।
  • संक्रमित व्यक्तियों से दूरी बनाए रखें।

प्रदेश सरकार ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराया जाए और संभावित संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts