एक्शन: नाजिर 15 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार। पढ़िए ..

टिहरी गढ़वाल। तहसील धनोल्टी में तैनात नाजिर वीरेन्द्र सिंह कैन्तुरा को रिश्वत लेते हुए सतर्कता अधिष्ठान देहरादून की ट्रैप टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक शिकायतकर्ता द्वारा दी गई सूचना के आधार पर की गई।

शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग को बताया कि उसकी पत्नी ने 31 जनवरी 2025 को ग्राम छनाड़, थत्यूड़ जौनपुर (जनपद टिहरी गढ़वाल) में लगभग 1500 वर्ग मीटर भूमि खरीदी थी। दाखिल खारिज की प्रक्रिया के दौरान नाजिर वीरेन्द्र सिंह कैन्तुरा जानबूझकर गलत आपत्ति रिपोर्ट लगाकर अड़चन पैदा कर रहा था और सही रिपोर्ट लगाने तथा नाम दर्ज करने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था।

सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए योजना बनाई और सोमवार को तहसील धनोल्टी स्थित कार्यालय में कैन्तुरा को रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए रंगेहाथ दबोच लिया। इसके बाद टीम ने आरोपी के आवास एवं अन्य ठिकानों पर छापेमारी भी की। साथ ही आय से अधिक संपत्ति के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

इस सफल कार्रवाई पर सतर्कता निदेशक वी. मुरूगेसन ने ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

जनता से अपील
सतर्कता अधिष्ठान ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी अपने पद का दुरुपयोग करते हुए रिश्वत मांगता है या आय से अधिक संपत्ति अर्जित करता है, तो उसकी सूचना टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर बिना डर के दें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts