बारिश का कहर: 33 मार्ग बंद, आठ जिलों में बाढ़ की चेतावनी। चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

देहरादून, 26 जून 2025
उत्तराखंड में मानसून सक्रिय होते ही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने लगा है। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते अब तक 33 सड़क मार्ग बंद हो चुके हैं, जिससे कई क्षेत्रों का संपर्क कट गया है। वहीं, आठ जिलों में बाढ़ की चेतावनी और चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

जोशीमठ के पास बदरीनाथ हाईवे बंद

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जोशीमठ से आगे पिनोला घाट में मलबा आने से मार्ग बड़े वाहनों के लिए अवरुद्ध हो गया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत 24 मार्ग और लोक निर्माण विभाग के 6 मार्ग भी भूस्खलन के कारण बंद हैं।

आठ जिलों में बाढ़ का खतरा

मिनिस्ट्री ऑफ अर्थ साइंसेज द्वारा उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, देहरादून, नैनीताल, चंपावत, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में तेज बारिश के साथ बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है। इस चेतावनी के बाद उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने सभी संबंधित जिलों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने देहरादून, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में भारी वर्षा और तेज हवाओं के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा

दून का मौसम ठंडा, तापमान में गिरावट

राजधानी देहरादून में बुधवार को 1.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में 6.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है।
मौसम विज्ञानी रोहित थपलियाल के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा और मौसम में और राहत मिलेगी।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts