बड़ी खबर : डकैती कांड में शामिल पुलिसकर्मियों को निलंबित किया, विभागीय जांच के आदेश जारी

देहरादून: उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक (DGP) दीपक सेठ ने प्रेम नगर थाना क्षेत्र के झाझरा इलाके में हुए डकैती कांड में शामिल तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं। DGP ने कहा कि आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस मामले में थाना और सर्किल अधिकारियों की लापरवाही और शिथिलता को देखते हुए DGP ने उनके खिलाफ भी जांच के निर्देश दिए हैं। यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि आरोपित पुलिसकर्मियों की गतिविधियों पर सम्बन्धित अधिकारियों ने पर्याप्त निगरानी नहीं रखी।

गौरतलब है कि देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में हुई इस डकैती कांड में तीन पुलिसकर्मियों समेत कुल 9 आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। एसएसपी देहरादून अजय सिंह के निर्देश पर सभी 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने अभियुक्तों से लूटी गई नकदी और फर्जी डॉलर भी बरामद किए हैं। यह वारदात सस्ते डॉलर देने के झांसे में फंसाकर लूटपाट करने की सुनियोजित साजिश थी।

इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ा रुख अपनाते हुए DGP दीपक सेठ ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड पुलिस इस मामले में जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा, “कानून सबके लिए एक समान है। कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह कोई भी व्यक्ति हो, चाहे वह वर्दीधारी हो। जो भी अपराध में संलिप्त होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।”

DGP ने यह भी निर्देश दिए हैं कि डकैती कांड में शामिल दोषी पुलिसकर्मियों की गतिविधियों के संबंध में सम्बन्धित थाना और सर्किल स्तर के अधिकारियों की शिथिल निगरानी की भी जांच की जाए। इस मामले में पुलिस प्रशासन की गंभीरता और पारदर्शिता का संकेत देते हुए DGP ने कहा कि ऐसे मामलों में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts